StatCounter

Saturday, October 24, 2015

भरत Mahabharata Episode 20

वैशम्पायन जी कहते हैं...

समय आने पर शकुंतला के गर्भ से एक पुत्र हुआ। यह बालक बचपन से हीं बड़ा बलिष्ट था।  उसके ललाट चौड़े, कंधे सिंह जैसे, दांत नुकीले और उसके दोनों हाथो में चक्र था।  महर्षि कण्व ने विधि पूर्वक उसके जात कर्म आदि संस्कार किये।

मात्र छह वर्ष की आयु में हीं वह सारे जंगली जानवरों, हाथी-सिंह आदि को आश्रम के वृछो से बाँध देता।  कभी उनके दांत गिनता, कभी उन्हें प्रेम से सहलाता और कभी उनकी सवारी करता।  दिखने में तो वो बिलकुल देवकुमार लगता।  आश्रमवासियों ने उसके द्वारा सारे हिंसक जंगली जानवरों का दमन होते देख कर उसका नाम सर्वदमन रख दिया।

बालक के अलौकिक कर्म को देख महर्षि कण्व ने एक दिन शकुंतला को बुलाया और कहा

यह बालक अब युवराज बनने के योग्य हो गया है।  

फिर उन्होंने शिष्यों को बुलाकर कहा

तुमलोग शकुंतला और बच्चे को इनके घर पंहुचा आओ।  विवाहित स्त्री का बहुत दिनों तक मायके में रहना कीर्ति, चरित्र और धर्म का घातक है। 

शिष्यों ने आज्ञानुसार उन्हें हस्तिनापुर पंहुचाया और फिर वापस लौट गए।

सूचना और स्वीकृति के बाद शकुंतला राज्य सभा में पंहुची।

शकुंतला ने सभा में पंहुच कर प्रेम पूर्वक निवेदन किया... 

महाराज ! यह आपका पुत्र है, अब आप अपनी प्रतिज्ञा पूर्ण करते हुए इसे युवराज बनाइये।  

इस पर राजा दुष्यंत ने कहा

 अरी दुष्ट तापसी!! तू किसकी पत्नी है !! मुझे तो कुछ भी स्मरण नहीं है !! तेरे साथ मेरा धर्म अर्थ काम कोई सम्बन्ध नहीं है !! तू जा ठहर अथवा जो तेरी मौज में आये कर !!

ऐसा सुनकर शकुंतला बेहोश सी होकर खम्भे की तरह निस्चल खड़ी रह गयी।

उसकी आँखे लाल हो गयी, होठ फड़कने लगे, और दृष्टि टेढ़ी कर वो दुष्यंत की ओर देखने लगी।  थोड़ी देर ठहर कर दुःख और क्रोध से भरी शकुंतला ने कहा …

महाराज ! आप जान बूझकर ऐसी बाते क्यों कर रहे हैं ! ऐसा तो नीच पुरुष करते हैं ! आपका ह्रदय कुछ और कह रहा है और आप कुछ और कह रहे हैं। यह तो बहुत बड़ा पाप है।  आप ऐसा समझ रहे हैं कि उस समय मैं अकेला था और इसका कोई साक्षी नहीं है, ऐसा समझ कर आप यह बात कह रहे हैं  मगर आप यह न भूले कि परमात्मा सबके ह्रदय में बैठा है।  वो सबके पाप पुण्य को जानता है।  

पाप करके ये समझना कि मुझे कोई नहीं देख रहा है, घोर अज्ञान है। सूर्य, चन्द्रमा, वायु, अग्नि, अंतरिक्ष, पृथ्वी, जल, ह्रदय, यमराज, दिन, रात संध्या, धर्म - ये  सब मनुष्य के शुभ अशुभ कर्मो को जानते हैं।  जिस पर हृदयस्थित कर्मसाक्षी क्षेत्रज्ञ परमात्मा संतुष्ट रहते हैं, यमराज उनके पापों को स्वयं नष्ट कर देते हैं।  परन्तु जिसका अंतर्यामी संतुष्ट नहीं, यमराज स्वयं उसके पापों का दंड देते हैं।  

अपनी आत्मा का तिरस्कार कर जो कुछ का कुछ कर बैठता है, देवता भी उसकी सहायता नहीं करते, क्योंकि वह स्वयं भी अपनी सहायता नहीं करता।
  
मैं स्वयं आपके पास चली आयी हूँ, इसलिए आप साधारण पुरुषों की तरह भरी सभा में मेरे जैसी पतिव्रता स्त्री का तिरष्कार कर रहें हैं। अगर आप मेरी उचित याचना पे ध्यान नहीं देंगे, तो आपके सर के सौ टुकड़े हो जाएंगे !!

राजन ! मैंने तीन वर्ष तक इस बालक को अपने गर्भ में रखा था, इसके जन्म के समय आकाशवाणी हुई थी कि ये बालक सौ अश्वमेघ यज्ञ करेगा।  

दुष्यंत  ने कहा … 

शकुन्तले ! मुझे नहीं याद मैंने तुमसे कोई पुत्र उत्पन्न किया था। स्त्रियां तो प्रायः झूठ बोलती हैं। तुम्हारी बात पे कौन विश्वास करेगा।  तुम्हारी एक बात भी विश्वास करने योग्य  नहीं है। मेरे सामने इतनी बड़ी ढिठाई !! कहाँ विश्वामित्र, कहाँ मेनका, और कहाँ तेरे जैसी साधारण नारी !! चली जा यहाँ से !! इतने थोड़े दिनों में भला यह बालक साल के वृछ जैसा कैसे हो सकता है ! जा जा !! चली जा यहाँ से !! 

शकुंतला ने कहा

राजन !! कपट न करो !  चाहे सारे वेदों को पढ़ लो, सारे तीर्थो में स्नान कर लो मगर फिर भी सत्य उससे बढ़कर है। सत्य स्वयं परमब्रह्म परमात्मा है।  सत्य हीं सर्वश्रेष्ठ प्रतिज्ञा है।  तुम अपनी प्रतिज्ञा मत तोड़ो ! तुम इसे स्वीकार करो अथवा नहीं, यह बालक हीं सारे पृथ्वी पर राज्य करेगा।  

इतना कह कर शकुंतला सभा से निकल पड़ी।  तभी वहां आकाशवाणी हुई। 

शकुंतला की बात सत्य है।  तुम शकुंतला का अपमान मत करो।  औरस पुत्र तो पिता को यमराज से भी चुरा लाता है।  तुम अपने पुत्र का भरण पोषण करो। तुम्हे हमारी आज्ञा मान कर ऐसा हीं करना चाहिए। तुम्हारे भरण- पोषण के कारण इसका नाम भरत होगा।  

आकाशवाणी सुनकर दुष्यंत आनंद से भर गए।  उन्होंने मंत्रियों और पुरोहितों को कहा... 

आपलोग कानो से देवताओं की वाणी सुन ले।  मैं ठीक-ठीक जानता और समझता हूँ कि यह मेरा हीं पुत्र है, मगर अगर मैं इसे सिर्फ शकुंतला की बाते सुनकर अपना लेता, तो सारी प्रजा इस पर संदेह करती और इसका कलंक नहीं छूट पाटा।  इसी उद्देस्य से मैंने शकुंतला का इतना अपमान किया।  

अब उन्होंने बच्चे को स्वीकार कर लिया। उसके सारे संस्कार करवाये।  उन्होंने पुत्र का सर चूमकर उसे हृदय से लगा लिया।

 दुष्यंत ने  धर्म के अनुसार अपनी पत्नी का स्वागत किया और कहा... 

देवी !! मैंने तुम्हारे मान को रखने के लिए हीं तुम्हारा इतना अपमान किया।  सबलोग तुम्हे रानी के रूप में स्वीकार कर ले इसीलिए मैंने तुम्हारे साथ क्रूरता के साथ व्यवहार किया।  अगर मैं सिर्फ तुम्हारी बात  अपना लेता तो लोग समझते कि मैंने मोहित होकर तुम्हारी बात पे भरोषा कर लिया। लोग मेरे पुत्र के युवराज होने पे भी आपत्ति करते।  मैंने तुम्हे अत्यंत क्रोधित कर दिया था, इसलिए प्रणयकोपवश तुमने मुझसे जो अप्रिय वाणी कही उसका मुझे कुछ भी विचार नहीं है।  हम दोनों एक दुसरे के प्रिय हैं।  

ऐसा कह कर दुष्यंत ने अपनी प्राण-प्रिया को भोजन वस्त्र आदि से संतुष्ट कर दिया।

समय आने पर भरत का युवराज पद पर अभिषेक हुआ।  दूर दूर तक भरत का शासन चक्र प्रसिद्द हो गया।  वह सारे पृथ्वी का चक्रवर्ती सम्राट हुआ।

उन्होंने इंद्र के सामान बहुत सारे यज्ञ किये।

महर्षि कण्व ने उनसे गोवितत नमक अश्वमेघ यज्ञ कराया। उसमे यों तो बहुत सारे ब्राह्मणो को दक्षिणा दी गयी, मगर महृषि कण्व को सहस्त्र पद्म मुहरे दी गयी थी।  

भरत से हीं इस देश का नाम भारत पड़ा और वो भरतवंश का प्रवर्तक माना गया।   

           


  


No comments:

Post a Comment